फिलहाल पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की धूम है। गणेशोत्सव के अवसर पर विभिन्न गणेश मंडलों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से अनेक सार्वजनिक एवं सामाजिक उपक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में मिरज की सेवाभावी संस्था पद्मावती शांतिसेवा फाउंडेशन की ओर से गणेशोत्सव के औचित्य पर एक विशेष आध्यात्मिक उपक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मिरज के सांगलीकर मळा परिसर में स्थित ऐतिहासिक श्री गणेश मंदिर के प्रांगण में सामूहिक श्री गणेश अथर्वशीर्ष पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह मंदिर सांगली नगरी के संस्थापक चिंतामणराव पटवर्धन द्वारा निर्मित किया गया था। इस उपक्रम को श्री गणराय के चरणों में सेवा के रूप में अर्पित किया जाएगा, ऐसी जानकारी पद्मावती शांतिसेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं प्रसिद्ध उद्यमी विवेक (बंडू) शेटे तथा नगरसेविका सौ. अपर्णा विवेक शेटे ने हमारे प्रतिनिधि से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल के आध्यात्मिक महत्व की जानकारी मिरज के नागरिकों तक पहुंचना आवश्यक है। सांगली संस्थान द्वारा निर्मित यह प्राचीन श्री गणेश मंदिर मिरजकरों के लिए निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण धरोहर है।
सोमवार, 21 सितंबर को शाम 5:45 बजे इस अभिनव उपक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद श्री गणेश अथर्वशीर्ष का 21 बार सामूहिक पाठ किया जाएगा। शाम 7 बजे मंदिर की परंपरा एवं रीति-रिवाज के अनुसार आरती होगी और इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
नगरसेविका सौ. अपर्णा विवेक शेटे ने कहा कि पद्मावती शांतिसेवा फाउंडेशन की ओर से इससे पहले भी विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उपक्रम आयोजित किए गए हैं। भविष्य में भी प्रभाग के सभी समाजबंधुओं के बीच आपसी एकता, भाईचारा और सद्भाव कायम रखने के लिए संस्था की ओर से निश्चित रूप से पहल की जाएगी।